JUIT के क्लासरूम से माइक्रोसॉफ्ट की प्रोडक्ट टीम तक पहुंचने का सफर
"कोई डेड एंड नहीं होता, बस रास्ते धीमे होते हैं
सोलन। जयपी यूनिवर्सिटी ऑफ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (JUIT) में 15 सितंबर 2026 को आयोजित एलुमनाई टॉक में विद्यार्थियों को करियर और तकनीकी क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरक अनुभव सुनने को मिले। कार्यक्रम में वक्ता सरल निगम, CSE बैच 2016 और वर्तमान में माइक्रोसॉफ्ट में सीनियर प्रोडक्ट मैनेजर, ने अपने करियर सफर और तकनीकी क्षेत्र में सफलता के अनुभव साझा किए।

सरल निगम ने कहा कि करियर कोई दौड़ नहीं, बल्कि कौशल, जिज्ञासा और आत्मविश्वास को धीरे-धीरे विकसित करने की यात्रा है। उन्होंने अपने सफर के जरिए विद्यार्थियों को संदेश दिया कि “कोई डेड एंड नहीं होता, बस रास्ते धीमे होते हैं।” उनके करियर में अमेजन और हैशट्रॉन जैसी कंपनियों में भी महत्वपूर्ण अनुभव रहा है।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलपति की उपस्थिति में इंजीनियरिंग के विद्यार्थियों से संवाद हुआ। डिजिटल लर्निंग सेंटर (DLC) में आयोजित इस सत्र में विद्यार्थियों ने माइक्रोसॉफ्ट समेत तकनीकी क्षेत्र की बड़ी कंपनियों तक पहुंचने और करियर निर्माण से जुड़े सवाल पूछे।
चार साल का रोडमैप भी किया साझा
सरल निगम ने इंजीनियरिंग छात्रों के लिए वर्षवार रोडमैप भी प्रस्तुत किया। उन्होंने पहले वर्ष में प्रोग्रामिंग भाषा में महारत और DSA अभ्यास, दूसरे वर्ष में प्रोजेक्ट निर्माण एवं Git, तीसरे वर्ष में इंटर्नशिप व विशेषज्ञता और चौथे वर्ष में प्लेसमेंट की तैयारी पर जोर दिया।
उन्होंने “रोज एक DSA प्रश्न” के नियम तथा Use → Build → Understand → Own के सिद्धांत को अपनाने की सलाह दी। साथ ही डिबगिंग और शिपिंग जैसे महत्वपूर्ण कौशल विकसित करने पर भी जोर दिया।
सत्र के दौरान बिग टेक कंपनियों की हायरिंग प्रक्रिया को भी समझाया गया। शॉर्टलिस्टिंग से लेकर बिहेवियरल राउंड तक चयन प्रक्रिया के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई। कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों के साथ एक जीवंत प्रश्नोत्तर सत्र के साथ हुआ।


