*मशोबरा, 13 अक्टूबर। राजकीय आदर्श वरिष्ठ
माध्यमिक विद्यालय मशोबरा में माय भारत, शिमला के तत्वावधान में विश्व आपदा जोखिम न्यूनीकरण दिवस मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को आपदा प्रबंधन, सुरक्षा उपायों तथा आपातकालीन परिस्थितियों में बचाव के प्रति जागरूक किया गया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती मीनाक्षी सूद ने विद्यार्थियों को आपदा प्रबंधन के तकनीकी पहलुओं की जानकारी देते हुए सतर्कता, सावधानी एवं समयबद्ध कार्रवाई के महत्त्व पर प्रकाश डाला।
विद्यालय के इतिहास प्रवक्ता श्री रमन कुमार ने अपने संबोधन में भूकंप, भूस्खलन, बाढ़ एवं अन्य प्राकृतिक आपदाओं के जोखिम को कम करने के उपायों पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जागरूकता, पूर्व तैयारी एवं सामूहिक प्रयासों से आपदाओं के दुष्प्रभावों को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान माय भारत, शिमला की ओर से श्री विपिन कुमार एवं श्री तरुण शर्मा तथा हिमाचल प्रदेश होमगार्ड के श्री मनोज कुमार एवं श्री रमेश ठाकुर ने विद्यार्थियों को रेस्क्यू तकनीकों एवं मॉक ड्रिल के माध्यम से व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया। विद्यार्थियों को आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षित रहने तथा बचाव कार्यों में सावधानीपूर्वक सहयोग करने के तरीके समझाए गए।
विद्यालय के आपदा प्रबंधन प्रभारी श्री दीपक कुमार ने कार्यक्रम के उद्देश्य एवं महत्त्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आपदा प्रबंधन प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों को जलपान वितरित किया गया। विद्यार्थियों ने आपदा से बचाव के उपायों को अपने जीवन में अपनाने तथा समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम का संदेश रहा कि “जागरूकता, सतर्कता और पूर्व तैयारी ही आपदा के जोखिम को कम करने की सशक्त कुंजी हैं।”
